पौड़ी , जून 09 -- उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने तीन दिवसीय क्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम में मंगलवार को पहले दिन श्रीनगर और खिर्सू क्षेत्र में विभिन्न विकास एवं जनहित से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया, वृक्षारोपण कार्यक्रम में सहभागिता की तथा खिर्सू क्षेत्र में 1.62 करोड़ रुपये की लागत से तैयार सड़क परियोजना का लोकार्पण किया।

श्रीनगर के बूथ संख्या-98 में आयोजित स्वच्छता अभियान में आज श्री रावत ने स्थानीय नागरिकों के साथ सफाई कार्य कर स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा एक सतत प्रयास है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया।

इसके बाद मंत्री खिर्सू स्थित घंडियाल मंदिर परिसर पहुंचे, जहां आयोजित वृक्षारोपण एवं स्वच्छता कार्यक्रम में उन्होंने हिस्सा लिया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन और हरित वातावरण को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

क्षेत्र भ्रमण के दौरान श्री रावत ने लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 1.62 करोड़ रुपये की लागत से तैयार सकन्याणा-मल्ला मोटर मार्ग के 1.7 किलोमीटर डामरीकरण कार्य का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी और स्थानीय विकास को गति मिलेगी।

मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है।

इस अवसर पर दिनेश पटवाल, प्रकाश सती, सूर्य प्रकाश नौटियाल, दिनेश उनियाल, जगमोहन सिंह नेगी, सुरेंद्र सिंह नेगी, जबर सिंह, विजयलक्ष्मी रतूड़ी सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित