नयी दिल्ली , जून 15 -- रिलायंस समूह ने सोमवार को स्पष्ट किया कि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किये गये समूह के पूर्व प्रबंध निदेशक सतीश सेठ और गौतम दोशी अब कंपनी से जुड़े नहीं हैं।
रिलायंस समूह के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि 70 वर्षीय सतीश सेठ समूह के प्रबंध निदेशक रहने के साथ-साथ कई कंपनियों के निदेशक मंडल में भी शामिल रहे थे, लेकिन वर्ष 2025 में उन्होंने समूह छोड़ दिया था।
प्रवक्ता ने बताया कि 73 वर्षीय गौतम दोशी भी समूह के प्रबंध निदेशक रह चुके हैं और उन्होंने समूह की कई कंपनियों तथा अन्य संस्थाओं में निदेशक के रूप में काम किया था। उन्होंने वर्ष 2020 में रिलायंस समूह से अलग हो गये थे।
इससे पहले सोमवार को ईडी ने कहा था कि दोनों पूर्व अधिकारियों को धन शोधन निवारण अधिनियम, 2002 के तहत चल रही जांच के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है।
ईडी के अनुसार, सतीश सेठ को रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड और अन्य के खिलाफ दर्ज प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट (ईसीआईआर) में गिरफ्तार किया गया है, जबकि गौतम दोशी को रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड और अन्य से जुड़े एक अलग ईसीआईआर मामले में गिरफ्तार किया गया।
जांच एजेंसी का आरोप है कि सतीश सेठ ने रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड द्वारा संचालित सड़क निर्माण परियोजनाओं से सार्वजनिक धन की कथित हेराफेरी में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। गौतम दोशी पर आरोप है कि उन्होंने रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड और रिलायंस टेलीकॉम लिमिटेड से कथित अपराध की आय को इधर-उधर करने के लिए एक कॉरपोरेट ढांचा तैयार करने में भूमिका निभायी। ईडी ने कहा कि सेठ लंबे समय तक रिलायंस अनिल अंबानी समूह (आरएएजी) से जुड़े रहे और समूह की कई कंपनियों में महत्वपूर्ण वाणिज्यिक तथा वित्तीय निर्णयों पर उनका प्रभाव था।
एजेंसी के मुताबिक, दोशी कराधान, योजना, अनुपालन और जोखिम प्रबंधन से जुड़े मामलों की देखरेख करते थे तथा भारत और विदेश में स्थित समूह की कई कंपनियों के बैंक खातों के अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता भी थे।
ईडी के अनुसार, सतीश सेठ को पहले महाराष्ट्र के ग्रेटर बॉम्बे स्थित विशेष पीएमएलए अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर भेजा गया। इसके बाद उन्हें नई दिल्ली की द्वारका स्थित विशेष पीएमएलए अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें छह दिन की ईडी हिरासत में भेज दिया। गौतम दोशी को नयी दिल्ली के राउज एवेन्यू स्थित विशेष पीएमएलए अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पांच दिन की ईडी हिरासत में भेजा गया। मामले की आगे की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित