नयी दिल्ली , मार्च 17 -- प्रवर्तन निदेशालय ने लोकांता होल्डिंग्स एंड रिसॉर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर दर्ज 10.90 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति कुर्क की है।

कंपनी के निदेशक सीके विजयन अभी कंपनी का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

ईडी के कोच्चि कार्यालय ने मंगलवार को बताया कि यह संपत्ति केरल के एर्नाकुलम स्थित मरदु के कन्नादिकाडु में स्थित है। ईडी ने एर्नाकुलम के मरदु पुलिस स्टेशन में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत जांच शुरू की थी।

यह प्राथमिकी प्रीथा राधाकृष्णन और उनके पति के साथ हुई धोखाधड़ी से संबंधित है। आरोप है कि उन्हें झूठे झांसे देकर, दस्तावेजों में हेरफेर, तथ्यों को छुपाकर और आपराधिक विश्वासघात के जरिये 'मेसर्स स्टेटिस होल्डिंग्स एंड रिसॉर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड' के एक होटल परियोजना में 10.90 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करने के लिए मनाया गया था।

बाद में एर्नाकुलम की आर्थिक अपराध शाखा ने इस मामले की फिर से जांच की और अदालत में चार्जशीट पेश की। ईडी की जांच में यह बात सामने आयी कि सीके विजयन, शालिनी विजयन और सायरा थम्पी कृष्णा ने कंपनी का निदेशक रहते हुए गलत तरीकों से लगभग 10.90 करोड़ रुपये की 'काली कमाई' जमा की थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित