हैदराबाद , सितंबर 11 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने शुक्रवार को कहा कि शिक्षा उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी और भरोसा दिलाया कि राज्य में धन की कमी के कारण शिक्षा से जुड़ी पहल नहीं रुकेगी।
श्री रेड्डी ने विधानसभा में शिक्षा से जुड़ी पहलों पर हुई संक्षिप्त चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि वह अधिकारियों को बहस के दौरान उठाये गये मुद्दों और उन मामलों की जांच करने का निर्देश देंगे जो अभी तक पूरे नहीं हुए हैं, और जरूरी कार्रवाई करेंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि तेलंगाना हर क्षेत्र में देश का सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला राज्य बनकर उभरेगा।
मुख्यमंत्री ने उन्नत प्रौद्योगिकी केंद्र (एटीसी) की स्थापना पर जोर दिया और कहा कि इनको आगे बढ़ाने के लिए वह खुद अधिकारियों के साथ गए थे। उन्होंने कोष मंज़ूर करने में मदद करने वाले एक व्यक्ति के साथ अपनी बातचीत को याद करते हुए कहा कि उनके 20 करोड़ रुपये के अनुरोध के मुकाबले शिक्षा के लिए 25 करोड़ रुपये मंज़ूर किये गये थे।
उन्होंने कहा कि वह उस व्यक्ति को अपना दोस्त मानते हैं और इस मुद्दे को राजनीतिक मतभेदों के नज़रिए से नहीं देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि तारीफ़ के कुछ शब्द सरकार को और बेहतर काम करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।
श्री रेड्डी ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे यह सुनिश्चित करें कि वित्तीय दिक्कतों के कारण शिक्षा कार्यक्रम प्रभावित न हों और ज़रूरत पड़ने पर वैकल्पिक संसाधनों की तलाश की जाये। उन्होंने खास तौर पर लड़कियों की शिक्षा को मज़बूत करने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया, जिसके लिए उनके घरों के पास कॉलेज, डिग्री प्रोग्राम और कौशल विकास केन्द्र (जिनमें एटीसी भी शामिल हैं) बनाये जायें।
उन्होंने कहा कि माता-पिता अक्सर अपनी बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर भेजने में हिचकिचाते हैं और स्थानीय स्तर पर अच्छी गुणवत्ता वाले शैक्षणिक और कौशल विकास संस्थान स्थापित करने से और अधिक लड़कियां पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित होंगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि वे जूनियर कॉलेज के बाद प्रस्तावित पाठ्यक्रम और पॉलिटेक्निक कॉलेजों में शुरू किये जाने वाले पाठ्यक्रम के लिए मंज़ूरी की प्रक्रिया 30 दिनों के भीतर पूरी करें। उन्होंने निर्देश दिया कि संबंधित फाइलें ज़रूरी मंज़ूरी और स्वीकृति के लिए उनके पास लायी जायें।
श्री रेड्डी ने कहा कि सरकार विधानसभा में चर्चा की गई शिक्षा संबंधी पहलों को लागू करने और पूरे तेलंगाना में छात्रों के लिए अवसरों को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित