पटना , अप्रैल 09 -- बिहार में पटना जिले की पुलिस ने धनी फाइनेंस लोन के नाम पर ठगी करने वाले तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस उपाधीक्षक सह थानाध्यक्ष, साइबर थाना, पटना नीतीश चंद्र धारिया ने गुरूवार को बताया कि पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के पर्यवेक्षण में, पुलिस उपाधीक्षक सह थानाध्यक्ष, साइबर थाना पटना के नेतृत्व में साइबर अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में बेऊर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुछ व्यक्तियों द्वारा साइबर अपराध से संबंधित संदिग्ध गतिविधियाँ संचालित किए जाने की सूचना प्राप्त हुई।
श्री धारिया ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने छापेमारी कर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया तथा उनके पास से 11 मोबाइल फोन एवं 01 लैपटॉप बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त फाइनेंस लोन दिलाने के नाम पर लोगों से प्रोसेसिंग फीस तथा "प्लेबॉय" के नाम पर भ्रामक विज्ञापन जारी कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को एपीके फाइल भेजकर साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम देते थे।अनुसंधान के क्रम में ज्ञात हुआ कि गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध भारत के विभिन्न राज्यों से भी कई शिकायतें प्राप्त हुई हैं।अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित