चंडीगढ़ , अगस्त 05 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक एवं पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने धनास (साइट-1) स्थित एक कक्षीय आवास परिसर में करीब 1.49 करोड़ रुपये की लागत से नए आंगनवाड़ी-सह-क्रेच भवन के निर्माण को आज मंजूरी दे दी है।
चंडीगढ़ प्रशासन के सामाजिक कल्याण महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत वर्तमान में 450 आंगनवाड़ी केंद्र संचालित हैं जिनमें से 41 केंद्र धनास में हैं। इन केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती और धात्री महिलाओं को पूरक पोषण, प्री-स्कूल शिक्षा, स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण सहयोग, वृद्धि निगरानी, पोषण एवं स्वास्थ्य शिक्षा सहित विभिन्न सेवाएं प्रदान की जाती हैं।
नए भवन के निर्माण से लाभार्थियों तक सेवाओं की पहुंच और अधिक बेहतर होगी। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह केंद्र बच्चों के लिए सुरक्षित और बाल-अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराएगा, जबकि कामकाजी माताओं को गुणवत्तापूर्ण डे-केयर सुविधा भी मिलेगी।
प्रशासन के अनुसार यह परियोजना धनास क्षेत्र में सामाजिक अवसंरचना को मजबूत करने और समेकित बाल विकास सेवाओं को प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। भवन का निर्माण भारत सरकार के निर्धारित दिशा-निर्देशों, वित्तीय नियमों और तकनीकी मानकों के अनुरूप किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित