रांची , जुलाई 28 -- झारखंड के धनबाद जिले में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार सुबह बड़े पैमाने पर छापेमारी शुरू की।

एक साथ 20 से अधिक ठिकानों पर हुई इस कार्रवाई से कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। ईडी की टीमें केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ विभिन्न स्थानों पर पहुंचीं और कई घंटों तक दस्तावेजों एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की गहन जांच की।

ईडी की कार्रवाई धनबाद के टिकियापाड़ा, महुदा, लोयाबाद, झरिया और बैंक मोड़ समेत कई इलाकों में चल रही है। अधिकारियों ने संबंधित परिसरों से महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की, जबकि मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी पड़ताल की जा रही है। इसके अलावा वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड और दस्तावेज भी खंगाले जा रहे हैं।

लोयाबाद के कनकनी क्षेत्र में भी ईडी की टीम कई चर्चित कारोबारियों के ठिकानों पर पहुंची। अधिकारियों का काफिला तीन वाहनों से वहां पहुंचा और कई घंटों तक घर के भीतर जांच की। इस दौरान घर की महिलाओं ने कार्रवाई का विरोध भी किया, हालांकि ईडी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई।

अधिकारिक सूत्रों के अनुसार, ईडी की छापेमारी एसके शर्मा के कार्यालय सहित अनिल गोयल, सबीर आलम, गणेश यादव, पप्पू मंडल, शेखर यादव, रंजीत सिंह और माधव सिंह समेत 20 से अधिक ठिकानों पर जारी है।

आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि यह कार्रवाई अवैध कोयला कारोबार और उससे जुड़े मनी ट्रेल की जांच के तहत की जा रही है। जांच एजेंसी वित्तीय लेन-देन, संपत्तियों और अवैध कमाई के संभावित नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित