रामगढ़ , जुलाई 28 -- झारखंड में पूर्व मध्य रेल के धनबाद मंडल में मंगलवार को मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया।
दिन-रात संचालित इस विशेष अभियान के दौरान बिना टिकट, बिना उचित प्राधिकार तथा बिना बुक कराए सामान के साथ यात्रा कर रहे 601 यात्रियों को पकड़ा गया। इनसे जुर्माने के रूप में कुल Rs.5,66,665 की राशि वसूल की गई। रेल प्रशासन द्वारा सुनियोजित ढंग से चलाए गए इस अभियान के तहत चेकिंग टीमों ने विभिन्न रेलवे स्टेशनों के साथ-साथ मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों में भी सघन जांच की। जांच के दौरान पकड़े गए यात्रियों को भविष्य में वैध टिकट लेकर ही यात्रा करने की कड़ी हिदायत दी गई।
अभियान के दौरान स्टेशनों के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की काफी भीड़ देखी गई। रेल अधिकारियों के अनुसार धनबाद मंडल में टिकट जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है और आगे भी इसे जारी रखा जाएगा।
धनबाद मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे प्लेटफॉर्म पर प्रवेश करने से पहले वैध टिकट अवश्य लें तथा जिस श्रेणी का टिकट लिया है, उसी श्रेणी में यात्रा करें। रेल प्रशासन का कहना है कि नियमों का पालन करने से यात्रियों को अनावश्यक जुर्माने और असुविधा से बचाया जा सकता है।
वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह वरीय जनसंपर्क अधिकारी मनीष सौरभ ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और रेलवे नियमों के प्रभावी अनुपालन के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष टिकट जांच अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित