रांची , अप्रैल 03 -- झारखंड के धनबाद जिले स्थित मंडल कारा में जेल आईजी सुदर्शन मंडल ने शुक्रवार को औचक निरीक्षण किया।

उनके अचानक पहुंचने की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान आईजी ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था, कैदियों को मिलने वाली सुविधाएं और जेल मैन्युअल के अनुपालन की बारीकी से जांच की।

आईजी श्री मंडल ने अति-संवेदनशील वार्डों, ऊंची दीवारों पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और सीसीटीवी निगरानी कक्ष का भी जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता, प्रवेश-निकास व्यवस्था और आपातकालीन तैयारियों का आकलन करते हुए हर पहलू की समीक्षा की।

इस दौरान कैदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं जैसे भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और स्वच्छता व्यवस्था की भी विस्तार से जानकारी ली गई। आईजी ने बैरक, सुरक्षा चौकियों, मुख्य प्रवेश द्वार और निगरानी तंत्र का निरीक्षण करते हुए स्पष्ट कहा कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मीडिया से बातचीत में श्री मंडल ने कहा कि जेल की सुरक्षा राज्य की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं जेल मैन्युअल के अनुरूप संचालित हों और कैदियों के अधिकारों का पूर्ण सम्मान सुनिश्चित किया जाए।

श्री मंडल ने मुलाकात व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि कैदियों से मिलने आने वाले परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, रसोईघर और भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की गई। उन्होंने निर्देश दिया कि परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के साथ कैदियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए।

आईजी श्री मंडल ने जेल अधिकारियों को सभी निर्देशों का सख्ती से पालन करने की हिदायत देते हुए कहा कि नियमित मॉनिटरिंग और अनुशासन से ही जेल व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित