रांची , जून 04 -- झारखंड के धनबाद जिले के कतरास के बीसीसीएल एरिया 3 के सोनारडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत टंडाबारी में गुरुवार अहले सुबह एक बार फिर भू धंसान की घटना सामने आने से क्षेत्र के लोगों में दहशत और चिंता का माहौल बन गया है।
लगातार हो रही भू धंसान की घटना ने आसपास के रैयत ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। रैयत ग्रामीणों ने बताया कि टंडाबारी में इससे पहले हुई भू-धसान की घटनाओं ने कई परिवारों का जीवन प्रभावित कर दिया था। पहली घटना 24 मार्च को हुई थी, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई थी।
इसके बाद 1 अप्रैल को कई घरों में दरारें पड़ने लगीं, जिससे लोग अपने घर छोड़कर खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए। वहीं 24 अप्रैल को हुई भीषण भू-धसान की घटना में टंडाबारी का बड़ा हिस्सा जमीन में समा गया था। लगातार हुई इन घटनाओं ने पूरी बस्ती को तबाह कर दिया।
गुरुवार को कर्मकार टोला में भी जमीन का एक बड़ा हिस्सा धंस जाने के बाद ग्रामीणों ने बीसीसीएल प्रबंधन के प्रति नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि टंडाबारी में इतनी बड़ी घटना के बावजूद बीसीसीएल अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। लोगों ने आरोप लगाया कि प्रभावित रैयतों की सुरक्षा और पुनर्वास को लेकर प्रबंधन गंभीर नहीं है।
ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कर्मकार टोला में भी टंडाबारी जैसी बड़ी दुर्घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी बीसीसीएल प्रबंधन की होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित