रांची , जून 29 -- झारखंड के धनबाद जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बलियापुर थाना क्षेत्र के रखितपुर रेलवे गुमटी के पास से करीब 16 किलोग्राम गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

इस मामले में बलियापुर थाना कांड संख्या 111/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(बी) एवं 22(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जानकारी सोमवार को सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने प्रेस वार्ता में दी।

पुलिस के अनुसार देर रात थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार के नेतृत्व में गश्ती एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि रखितपुर रेलवे गुमटी के पास दो संदिग्ध व्यक्ति पीठू बैग लेकर घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने बलियापुर-झरिया मुख्य सड़क स्थित हनुमान मंदिर, परघा के समीप घेराबंदी की। कुछ देर बाद दोनों संदिग्ध कुसमाटांड़ की ओर पैदल जाते दिखाई दिए, जिन्हें रोककर पूछताछ की गई।

पूछताछ के दौरान दोनों ने बैग में गांजा होने की बात स्वीकार की। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सिंदरी) चंद्र प्रकाश महतो की मौजूदगी में बैगों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कुल 16 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन करीब 16 किलोग्राम पाया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 32 वर्षीय विकास कुमार, वर्तमान निवासी नोएडा एवं मूल निवासी मधेपुरा (बिहार), तथा 36 वर्षीय श्यामा कांत सिंह निवासी सिंदरी, धनबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद गांजा जब्त कर दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया है।

छापेमारी दल में एसडीपीओ चंद्र प्रकाश महतो, थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार, मो. हसरत जमाल, अनिल कुमार, मो. सरताज खान, सुरेश देवगम सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी। मामले में तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित