रांची , जून 06 -- झारखंड के धनबाद जिले के मधुबन थाना क्षेत्र अंतर्गत खरखरी कोलियरी में गार्ड से राइफल लूट की घटना का पुलिस ने 48 घंटे में उद्भेदन कर दिया।

बाबुडीह जंगल स्थित हिलटॉप आउटसोर्सिंग कंपनी के निर्माणाधीन बाउंड्री वॉल के पास किंग्समैन प्राइवेट सिक्योरिटी सर्विसेज के गार्ड मुकेश राम से लूटी गई राइफल और 2 जिंदा कारतूस बरामद कर लिए गए हैं। इस मामले में पुलिस ने मास्टरमाइंड अनिल यादव और वाहन चालक सचिन गोप को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया।

मामले को लेकर मधुबन थाना प्रभारी शुभम कुमार ने बताया कि गुरुवार देर रात बाबुडीह जंगल से ब्राह्मडीहा मोड़ के पास गश्ती पर निकले गार्ड मुकेश राम पर 4 अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया था। मारपीट कर उसकी सर्विस राइफल लूट ली गई थी। पीड़ित के बयान पर 4 अज्ञात के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान किंग्समैन सिक्योरिटी के गनमैन अनिल यादव और वाहन चालक सचिन गोप की भूमिका संदिग्ध लगी। पूछताछ में खुलासा हुआ कि अनिल यादव ने पैसे के लेनदेन को लेकर पूरे लूट कांड की साजिश रची थी। सचिन गोप के इशारे पर घटना को अंजाम दिया गया।

पुलिस ने अनिल यादव की निशानदेही पर ब्राह्मडीहा जंगल से लूटी गई सर्विस राइफल और 2 जिंदा गोली बरामद कर ली। हिलटॉप आउटसोर्सिंग कंपनी एमडीओ के तहत खरखरी कोलियरी में काम कर रही है। घटना बाबुडीह जंगल में निर्माणाधीन बाउंड्री वॉल वाले रास्ते पर हुई थी। थाना प्रभारी ने बताया कि लूट में शामिल बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित