मुरादाबाद , नवंबर 04 -- धनतेरस, दीपावली, भाईदूज और छठ पूजा पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने मुरादाबाद मंडल में 86 त्यौहार विशेष गाड़ियों का संचालन शुरू किया है। इसके अलावा 19 नियमित गाड़ियों में अतिरिक्त कोच भी जोड़े गए हैं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बुधवार को बताया कि मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती विनीता श्रीवास्तव के निर्देशन में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त आरक्षित व अनारक्षित टिकट काउंटर खोले गए हैं और बुकिंग स्टाफ भी बढ़ाया गया है। एटीवीएम मशीनों की व्यवस्था की गई है, जबकि एमयूटीएस के माध्यम से बुकिंग कर्मचारी तैनात कर स्टेशन परिसर में ही अनारक्षित टिकट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यात्रियों को रेलवन एप की जानकारी देने और रेल संबंधी सहायता के लिए सभी स्टेशनों पर हेल्प डेस्क बनाए गए हैं। टिकट काउंटरों पर भीड़ घटाने के लिए परिसर में क्यूआर कोड भी लगाए गए हैं, जिनके जरिए रेलवन एप डाउनलोड किया जा सकता है।
श्री यादव के अनुसार प्रमुख स्टेशनों पर मेडिकल टीम द्वारा चिकित्सा सहायता बूथ लगाए जाएंगे। वरिष्ठ अधिकारियों को सभी प्रमुख स्टेशनों पर तैनात किया गया है, जबकि मंडल नियंत्रण कक्ष में 24 घंटे वार रूम संचालित है, जिससे स्टेशन परिसरों और यात्री गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त गाड़ियां चलाने के लिए ट्रेन रैक भी तैयार रखे गए हैं। यात्रियों के विश्राम के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं तथा सुरक्षा और मार्गदर्शन के लिए रेलवे सुरक्षा बल, उसके डॉग स्क्वाड दल, जीआरपी और टिकट चेकिंग स्टाफ को स्टेशन परिसर, फुटओवर ब्रिज, प्लेटफार्म और गाड़ियों में लगाया गया है। मंडल रेल प्रबंधक स्वयं इन व्यवस्थाओं की निरंतर समीक्षा कर रही हैं।
विशेष गाड़ियों के बारे में उन्होंने बताया कि इनमें यमुनानगर-कोलकाता, अमृतसर-कोलकाता, अमृतसर-बहराइच, वेरावल-हरिद्वार, हरिद्वार-बीकानेर, अयोध्या कैंट-आनंद विहार टर्मिनल, चंडीगढ़-पटना, फिरोजपुर-पटना, आनंद विहार टर्मिनल-जोगबनी, लुधियाना-गया व लुधियाना-कोलकाता सहित कई गाड़ियां शामिल हैं। इनमें अधिकांश का ठहराव मुरादाबाद, बरेली और रामपुर में रहेगा। कुछ गाड़ियां हरिद्वार, रुड़की, नजीबाबाद, अमरोहा, गजरौला, हापुड़, हरिद्वार और हरीनगर जैसे स्टेशनों पर भी रुकेंगी।
कोच बढ़ाए जाने के संबंध में श्री यादव ने बताया कि यमुनानगर-हावड़ा, मुरादाबाद-दिल्ली, अयोध्या कैंट-दिल्ली, आनंद विहार-गोरखपुर, बरेली-पीलीभीत सहित 19 गाड़ियों में अतिरिक्त कोच जोड़े गए हैं। ये कोच अलग-अलग गाड़ियों में 10 नवंबर से 2 दिसंबर तक लगाए जाएंगे। तिरुपति-दिल्ली एक्सप्रेस में चार अतिरिक्त कोच स्थायी रूप से जोड़े गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित