जयपुर , अक्टूबर 06 -- धनतेरस पर्व के मद्देनजर राजस्थान में घोषित पंचायत राज आम चुनाव के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय चरण की तिथियों में बदलाव किया गया है।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार अब प्रथम चरण की पोलिंग पार्टियों का प्रस्थान 22 अक्टूबर के बजाय 21 अक्टूबर को, द्वितीय चरण की पोलिंग पार्टियों का प्रस्थान 28 अक्टूबर के बजाय 27 अक्टूबर को तथा तृतीय चरण की पोलिंग पार्टियों का प्रस्थान तीन नवंबर की जगह दो नवंबर को होगा।

तृतीय चरण में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य के लिए मतदान तीन नवंबर और पंच एवं सरपंच के लिए मतदान पांच नवम्बर को होगा। केवल वार्ड पंचों के द्वारा उपसरपंच का अप्रत्यक्ष चुनाव छह नवम्बर को पूर्वाह्न में होगा। शेष घोषित कार्यक्रम यथावत रहेगा।

प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय चरण का संशोधित कार्यक्रम के अनुसार प्रथम चरण में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य के लिए पोलिंग पार्टियों का प्रस्थान एवं पहुंचने की तिथि 21 अक्टूबर होगी जबकि मतदान 22 अक्टूबर को होगा। पंच एवं सरपंच के लिए नामांकन 23 अक्टूबर एवं मतदान 24 अक्टूबर जबकि उप सरपंच का चुनाव 25 अक्टूबर को होगा।

द्वितीय चरण में *जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य के लिए पोलिंग पार्टियों का प्रस्थान एवं पहुंचने की तारीख 27 अक्टूबर होगी तथा मतदान इसके अगले दिन 28 अक्टूबर को होगा और पंच एवं सरपंच के लिए नामांकन 29 अक्टूबर एवं मतदान 30 अक्टूबर को कराया जायेगा जबकि उप सरपंच का चुनाव 31 अक्टूबर को होगा।

तृतीय चरण में जिला परिषद / पंचायत समिति सदस्य के लिए पोलिंग पार्टियों का प्रस्थान एवं पहुंचने की तिथि दो नवंबर कर दी गयी हैं और मतदान इसके अगले दिन तीन नवंबर को कराया जायेगा। चार नवंबर को पंच एवं सरपंच के लिए नामांकन होगा तथा इसके अगले दिन पांच नवंबर को मतदान होगा जबकि छह नवंबर को उपसरपंच का चुनाव कराया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित