मुंबई , अगस्त 19 -- 'द पैराडाइज' में नेचुरल स्टार नानी पहली बार बेहद रॉ, इंटेंस और बेबाक अवतार में नजर आएंगे। श्रीकांत ओडेला के निर्देशन में बनी इस फिल्म में नानी एक ऐसे किरदार की भूमिका निभा रहे हैं, जो हिंसक और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच एक अनलाइकली लीडर के रूप में उभरता है। फिल्म 24 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।नानी 'जर्सी' और 'हाय नन्ना' जैसी फिल्मों में अपने दमदार और भावनात्मक अभिनय के लिये पहचाने जाते हैं। 'द पैराडाइज' में उनका किरदार जड़ाल इससे बिल्कुल अलग नजर आएगा। फिल्म के टीजर में जड़ाल के खतरनाक, रॉ और देसी अंदाज की झलक देखने को मिल चुकी है। कहानी झुग्गी-बस्ती की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जहां संघर्ष, अत्याचार और सत्ता की लड़ाई के बीच नानी का किरदार लोगों के रक्षक के रूप में सामने आता है।
फिल्म से जुड़े एक सूत्र के अनुसार , नानी एक सेक्स वर्कर के बेटे का किरदार निभा रहे हैं। सोनाली कुलकर्णी फिल्म में सेक्स वर्कर की भूमिका में नजर आएंगी।
सूत्र ने बताया कि नानी के किरदार की मजबूत बैकस्टोरी ही उसके व्यक्तित्व में होने वाले बदलाव की अहम वजह है। वह बेहद कठिन परिस्थितियों में पला-बढ़ा है और झुग्गी-बस्ती में माफिया जमींदारों के अत्याचार का सामना करता है।
सूत्र ने कहा, "नानी फिल्म में अपने अब तक के सबसे बेबाक और खतरनाक अवतार में नजर आएंगे। टीजर में जो कुछ दिखाया गया है, वह सिर्फ शुरुआत है। उनका किरदार पूरी तरह एक्शन से भरपूर है और वह किसी के सामने झुकने वाला नहीं है। किरदार को इसी तरह डिजाइन किया गया है।"सूत्र के अनुसार, फिल्म में मोहन बाबू और राघव जुयाल के किरदार बड़े माफिया जमींदारों के रूप में नजर आएंगे। इनके अत्याचारों के बीच नानी का किरदार धीरे-धीरे लोगों की आवाज और उनका रक्षक बनकर उभरता है।
फिल्म की दुनिया को वास्तविक और व्यापक बनाने के लिये निर्माताओं ने करीब 2.5 एकड़ में फैला विशाल झुग्गी-बस्ती का सेट तैयार किया है। इस सेट को बनाने से पहले भारत की विभिन्न झुग्गी-बस्तियों का गहराई से अध्ययन किया गया, ताकि पर्दे पर कहानी की दुनिया वास्तविक होने के साथ-साथ भव्य भी नजर आए।
'द पैराडाइज' के टीजर को दर्शकों की जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म का गाना 'आया शेर' यूट्यूब पर 200 मिलियन से अधिक बार देखा जा चुका है और इसे 1.8 मिलियन से अधिक लाइक्स मिल चुके हैं। सोशल मीडिया पर भी गाना काफी लोकप्रिय है और प्रशंसक नानी के लुक तथा उनके सिग्नेचर हुकस्टेप को रीक्रिएट कर रहे हैं।
एसएलवी सिनेमाज के बैनर तले बनी 'द पैराडाइज' 24 सितंबर 2026 को हिंदी, तेलुगु, तमिल, अंग्रेजी, स्पेनिश, बंगाली, कन्नड़ और मलयालम सहित आठ भाषाओं में रिलीज होगी। फिल्म की अंतरराष्ट्रीय पहुंच को देखते हुए निर्माताओं ने हॉलीवुड अभिनेता रयान रेनॉल्ड्स से भी अंतरराष्ट्रीय बाजारों में फिल्म को प्रस्तुत करने के लिये संपर्क किया है।
श्रीकांत ओडेला इससे पहले 'दसरा' जैसी सफल फिल्म का निर्देशन कर चुके हैं। नानी के अलग अंदाज, दमदार कलाकारों और बड़े पैमाने पर तैयार की गयी कहानी के कारण 'द पैराडाइज' को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित