भिवानी , अप्रैल 10 -- हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने नयी शिक्षा नीति के तहत सेकेण्डरी एवं सीनियर सैकेण्डरी परीक्षाओं को वर्ष में दो बार आयोजित करने के निर्णय के तहत द्वितीय वार्षिक परीक्षा के आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। पहले यह तिथि 10 अप्रैल निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 12 अप्रैल कर दिया गया है।
बोर्ड के प्रवक्ता के अनुसार, इच्छुक परीक्षार्थी बिना किसी विलंब शुल्क के 12 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह सुविधा उन नियमित विद्यार्थियों के लिए है, जो फरवरी/ मार्च 2026 की वार्षिक परीक्षा में शामिल हुए थे, लेकिन अपने परिणाम से संतुष्ट नहीं हैं। ऐसे विद्यार्थियों को अंक सुधार का अवसर दिया जा रहा है। विद्यार्थी अतिरिक्त विषय को छोड़कर अधिकतम तीन विषयों में पुनः परीक्षा दे सकते हैं। इसके लिए स्वयंपाठी के रूप में 1000 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है और आवेदन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइटके माध्यम से करना होगा।
इसके अलावा, जो परीक्षार्थी गंभीर बीमारी, चोट, खेल या सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं जैसे अपरिहार्य कारणों से वार्षिक परीक्षा में शामिल नहीं हो पाये थे, वे निर्धारित तिथियों में बोर्ड कार्यालय से संपर्क कर ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें आवश्यक दस्तावेज और निर्धारित शुल्क जमा करवाना होगा।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जो परीक्षार्थी प्रथम वार्षिक परीक्षा में सभी विषयों में अनुपस्थित रहे हैं और अब पुनः परीक्षा के लिए आवेदन करते हैं, उनके आवेदन को अयोग्य मानते हुए रद्द कर दिया जाएगा। इसके लिए संबंधित परीक्षार्थी स्वयं जिम्मेदार होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित