नयी दिल्ली , जुलाई 01 -- सरकार ने राजधानी दिल्ली में द्वारका एक्सप्रेसवे को वसंत कुंज के नेल्सन मंडेला मार्ग से जोड़ने के लिए 6970 करोड़ रुपये की लागत से आठ किलोमीटर लंबी छह लेन की सुरंग बनाने का निर्णय लिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को यहां हुई आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने राष्ट्रीय राजमार्ग (ओ) योजना के तहत हाइब्रिड एन्युइटी मोड में इस सुरंग के निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी दी।
सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बाद में संवाददाता सम्मेलन में बताया कि यह सुरंग एनएच-148 एई के लिए होगी और द्वारका एक्सप्रेसवे (एनएच 248 बीबी ) को दिल्ली में वसंत कुंज के नेल्सन मंडेला मार्ग से जोड़ेगी। इस परियोजना की कुल लंबाई 8.1 किमी और कुल लागत 6969.67 करोड़ रुपये है।
प्रस्तावित टनल रंगपुरी (दक्षिणी दिल्ली) रिज से होकर गुज़रेगी। इसे ट्विन-ट्यूब टनल (टीबीएम से बनाई जाने वाली) के तौर पर डिज़ाइन किया गया है। यह शिवमूर्ति इंटरचेंज से शुरू होगी और नेल्सन मंडेला मार्ग और महिपालपुर-छतरपुर रोड के चौराहे से पहले खत्म होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित