रामनगर , फरवरी 03 -- उत्तराखंड में रामनगर तराई पश्चिमी वन प्रभाग के अंतर्गत आने वाली काशीपुर रेंज से बड़ी खबर सामने आई है। द्रोणासागर टीला क्षेत्र में वन विभाग ने एक और गुलदार को सुरक्षित रूप से पकड़ लिया है।

काशीपुर रेंज के रेंज अधिकारी देवेंद्र सिंह राजवार ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि द्रोणासागर टीले पर इससे पहले भी चार गुलदारों का पकड़ा जा चुका है और अब सोमवार देर रात पांचवें गुलदार को भी पकड़ लिया गया है।

रेंज अधिकारी ने बताया कि यह क्षेत्र घने जंगल से सटा हुआ है, जिस कारण यहां गुलदारों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। इसी वजह से आसपास के इलाकों में आए दिन गुलदार देखे जाने की सूचना मिलती रहती है। देर रात लगाए गए पिंजरे में गुलदार कैद हो गया, जिसके बाद वन विभाग की टीम ने राहत की सांस ली।

उन्होंने बताया कि पकड़े गए गुलदार को अब कॉर्बेट पार्क के ढेला स्थित रेस्क्यू सेंटर भेजा जा रहा है, जहां उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा और आगे की कार्रवाई विशेषज्ञों की निगरानी में की जाएगी। गुलदार की मौजूदगी से द्रोणासागर टीला क्षेत्र सहित आसपास के रिहायशी इलाकों में लंबे समय से दहशत का माहौल बना हुआ था।

बताया जा रहा है कि गुलदार की आवाजाही के कारण न केवल टीले और किले में कार्यरत कर्मचारियों में भय था, बल्कि आसपास रहने वाले स्थानीय लोगों को भी खासा डर सता रहा था। कई बार तेंदुए के दिखाई देने की घटनाएं सामने आई थीं, जिसके बाद वन विभाग ने सतर्क रणनीति अपनाते हुए इलाके में पिंजरे लगाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित