मुम्बई , अक्टूबर 17 -- भारत के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़, एडम गिलक्रिस्ट और इयोन मॉर्गन मुम्बई इंडियंस ( एमआई) के मुख्य कोच पद की दौड़ में नहीं हैं।
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार महेला जयवर्धने के मुंबई इंडियंस के हटने के साथ ही राहुल द्रविड़ के इस पांच बार की चैंपियन टीम से जुड़ने को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन उन्होंने खुद को इस दौड़ से बाहर कर लिया है, कम से कम अगले एक सीजन के लिए तो बिल्कुल नहीं।
एक सूत्र ने बताया, "वह अपने परिवार और अपने बेटों (समित और अन्वय) के करियर पर ध्यान देना चाहते हैं।"2026 सीजन से पहले राजस्थान रॉयल्स छोड़ने के बाद द्रविड़ के पास कई प्रस्ताव आए, लेकिन उन्होंने आईपीएल में मिलने वाले भारी-भरकम पैसों के लालच को ठुकरा दिया। हो सकता है कि भविष्य में वह वापसी के लिए तैयार हो जाएं, लेकिन अगले सीजन में ऐसा नहीं होगा। यही बात ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट और इंग्लैंड के इयोन मोर्गन पर भी लागू होती है, जिनके नामों की चर्चा भी संभावित उम्मीदवारों के रूप में की जा रही थी। हालांकि, इनमें से कोई भी उपलब्ध नहीं है और माना जा रहा है कि उन्होंने आईपीएल प्रबंधन को यह बात स्पष्ट कर दी है।
अभी तक यह साफ नहीं है कि जयवर्धने की जगह कौन लेगा, जिनका फ्रेंचाइजी के साथ अनुबंध जल्द ही खत्म होने वाला था। मुंबई इंडियंस के अधिकारी, जो इस महीने के आखिर में आने वाले जियो आईपीओ की तैयारियों में व्यस्त थे, शुक्रवार शाम को मिले और उन्होंने श्रीलंका के इस पूर्व खिलाड़ी से अलग होने का फैसला किया। जयवर्धने इस फ्रेंचाइजी के साथ दो बार हेड कोच रहे - पहली बार 2017 से 2022 तक और फिर 2024 से 2026 तक।
ऐसा माना जा रहा है कि मुंबई इंडियंस के अधिकारियों ने मौजूदा सपोर्ट स्टाफ के अन्य सदस्यों - लसिथ मलिंगा और पारस म्हाम्ब्रे (दोनों गेंदबाजी), कीरोन पोलार्ड (बल्लेबाजी) और कार्ल हॉपकिंसन (फील्डिंग) - को टीम में बनाए रखने का फैसला नए कोच पर छोड़ दिया है। इनके कॉन्ट्रैक्ट या तो खत्म हो चुके हैं या अगले कुछ महीनों में खत्म होने वाले हैं। सूत्रों के अनुसार, इंटरव्यू की प्रक्रिया जल्द ही शुरू हो सकती है।
हाल ही में चेन्नई सुपर किंग्स से अलग हुए माइक हसी ने कई आईपीएल फ्रेंचाइजी से संपर्क किया है, और अगर उन्होंने मुंबई इंडियंस (एमआई) मैनेजमेंट से भी बात की हो, तो इसमें कोई हैरानी की बात नहीं होगी। पता चला है कि हसी ने स्टीफन फ्लेमिंग के साथ इंग्लैंड सेटअप में शामिल होने के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है और शायद वह ऑस्ट्रेलिया में किसी भूमिका की तलाश में हैं। हालांकि, माना जा रहा है कि वह किसी अन्य आईपीएल टीम के साथ जुड़ने के लिए भी तैयार हो सकते हैं।
अन्य दो संभावित उम्मीदवारों में दक्षिण अफ्रीका के एड्रियन बिरेल और ऑस्ट्रेलिया के आरोन फिंच शामिल हैं। बिरेल इस समय दुनिया भर की फ्रेंचाइजी क्रिकेट में सबसे ज्यादा मांग वाले कोचों में से एक हैं। उन्होंने एस 20 के चार सीज़न में सनराइजर्स ईस्टर्न केप को तीन खिताब जिताए हैं और चार बार फाइनल तक पहुंचाया है। इसके अलावा, इस साल की शुरुआत में उन्होंने 'द हंड्रेड' टूर्नामेंट में सनराइजर्स लीड्स विमेंस को फाइनल तक पहुंचाया था। भारत के एक जाने-माने पूर्व खिलाड़ी भी कई आईपीएल फ्रेंचाइजी की नजर में हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित