चेन्नई , अक्टूबर 14 -- तमिलनाडु में तेनकासी जिला अपराध शाखा पुलिस ने कडयनल्लूर से द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) विधायक टी.एम. राजेंद्रन और पांच अन्य लोगों के खिलाफ जमीन पर कब्जा करने का मामला दर्ज किया है।
यह कार्रवाई एक दिव्यांग व्यक्ति की शिकायत पर की गयी है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2008 से 2019 के बीच (जब द्रमुक सत्ता में थी) जाली दस्तावेजों का उपयोग करके उसकी 9.7 एकड़ पैतृक जमीन का धोखाधड़ी से बेच दी गयी। कोयंबटूर जिले के अक्कामलाई निवासी शिकायतकर्ता एन. मुरुगैया ने बताया कि उनकी पैतृक संपत्ति दिवंगत पिता और चाचा के संयुक्त नाम पर थी। मुरुगैया के भाई शेखर ने पिता का मृत्यु प्रमाण पत्र, कानूनी वारिस प्रमाण पत्र, और अन्य वैध वारिसों की सहमति व हस्ताक्षर प्राप्त किये बिना ही कथित तौर पर यह जमीन राजेंद्रन और उनके भाई चेल्लादुरई को बेच दी थी। बाद में इस जमीन को प्लॉटों में विभाजित कर तीसरे पक्ष को बेच दिया गया। इसके अलावा, उन्होंने दावा किया कि विवादित संपत्ति के ब्योरे को विधायक ने 2026 के विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करते समय अपनी संपत्ति की घोषणा में भी शामिल किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित