चेन्नई , मार्च 28 -- तमिलनाडु में सत्तारुढ़ द्रविड मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने दूसरी बार 'द्रविड़ मॉडल-2.0' सरकार बनाने की महत्वाकांक्षा के साथ आगामी 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए शनिवार को पार्टी उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी।
घोषित सूची में 34 में से 28 मंत्रियों को बरकरार रखा गया है, जबकि छह मंत्रियों को टिकट नहीं दिया गया है। इसके अलावा कई मौजूदा विधायकों और कुछ नए चेहरों को भी टिकट दिए गए हैं। जिन मंत्रियों को टिकट से वंचित किया गया है , उनमें के. पोनमुडी, आर. गांधी, सुश्री कायलविझी सेल्वराज, एसएम नासिर, राजेंद्रन और मनो थंगराज शामिल हैं। श्री पोनमुडी के बेटे डॉ. पोन गौतम सिगमणि (तिरुकोविलुर) और श्री गांधी के पुत्र विनोद गांधी (रानीपेट) को हालांकि टिकट दिए गए हैं। ये दोनों सीटें भी मौजूदा मंत्रियों के पास ही थीं।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एवं द्रमुक सुप्रीमो एमके स्टालिन ने द्रमुक नीत 'धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन' (एसपीए) में शामिल सहयोगी दलों को आवंटित सीटों की घोषणा के बाद उम्मीदवारों की सूची जारी करते हुए कहा कि अन्नाद्रमुक के कई पूर्व मंत्रियों को भी टिकट दिए गए हैं। ये मंत्री पहले निष्कासित नेता ओ. पन्नीरसेल्वम के साथ थे और हाल ही में द्रमुक में शामिल हुए हैं। इनमें आर. वैथिलिंगम (ओराथनद) भी शामिल हैं, जिन्हें उनके पारंपरिक गढ़ से टिकट दिया गया है। श्री पन्नीरसेल्वम को भी टिकट दिया गया है और वह अपने गृह जिले थेनी की बोदिनायक्कनूर सीट से चुनाव लड़ेंगे।
गौरतलब है कि इस सूची में 18 महिला उम्मीदवार और उतनी ही संख्या में डॉक्टर शामिल हैं। द्रमुक का घोषणापत्र रविवार को जारी किया जाएगा। श्री स्टालिन चेन्नई शहर की कोलाथुर सीट से दोबारा चुनाव लड़ेंगे। इस सीट से उन्होंने 2011, 2016 और 2021 के चुनावों में लगातार तीन जीत (हैट्रिक) हासिल की थी और इस बार वह लगातार चौथी जीत का रिकॉर्ड बनाने की उम्मीद कर रहे हैं।
श्री स्टालिन ने इससे पहले 1984, 1989, 1991, 1996, 2001 और 2006 में शहर की 'थाउजेंड लाइट्स' सीट से छह चुनाव लड़े। 1984 और 1991 को छोड़कर बाकी चार चुनावों में वे विजयी रहे। इसके बाद उन्होंने 'कोलाथुर' सीट से चुनाव लड़ा और लगातार तीन चुनाव जीते, जिससे 2011, 2016 और 2021 में उनकी जीत की हैट्रिक पूरी हुई।
द्रमुक ने श्री स्टालिन के बेटे एवं उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन को भी चुनाव मैदान में उतारा है। द्रमुक की युवा शाखा के सचिव उदयनिधि शहर की 'चेपॉक-तिरुवल्लिकेनी' सीट से लगातार दूसरी बार चुनाव लड़ेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित