चेन्नई , अक्टूबर 25 -- द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) के प्रचार सचिव और वक्ता डिंडीगुल आई. लियोनी ने रविवार को तमिझगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि तमिलनाडु में सरकार वैसी ही चल रही है जैसे भगवान राम की खड़ाऊं रखकर भरत ने अयोध्या पर शासन किया था और फिलहाल राज्य में द्रमुक प्रमुख एम.के. स्टालिन की छोड़ी हुई चप्पल शासन कर रही है।
यहां द्रमुक के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री केकेएसएसआर रामचंद्रन के परिवार के एक विवाह समारोह में श्री स्टालिन की मौजूदगी में बोलते हुए श्री लियोनी ने रामायण के उस प्रसंग का जिक्र किया, जिसमें भगवान राम के वनवास के दौरान उनके छोटे भाई भरत ने सिंहासन पर उनकी खड़ाऊं रखकर शासन चलाया था।
पूर्ववर्ती द्रमुक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का हवाला देते हुए श्री लियोनी ने मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली टीवीके सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने रामायण के 14 वर्ष के वनवास काल से तुलना करते हुए भविष्यवाणी की कि मौजूदा सरकार 14 महीनों में चली जाएगी और द्रमुक सत्ता में वापसी करेगी।
इसके बाद अपने संबोधन में श्री स्टालिन ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मौजूदा टीवीके सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए तैयार रहने को कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है और राज्य में कानून-व्यवस्था बिगड़े तथा अपराध बढ़े हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित