चेन्नई , मार्च 06 -- तमिलनाडु में राज्यसभा चुनाव के लिए सत्तारूढ़ द्रमुक के नेतृत्व वाले मोर्चा के चार और विपक्ष अन्नाद्रमुक के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के दो नामांकन पत्र जांच में सही पाए गए।
गौरतलब है कि अगले महीने खाली होने वाली छह सीटों को भरने के लिए गुरुवार को नामांकन भरने के आखिरी दिन सभी छह उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र भर दिए हैं।
इन छह उम्मीदवारों में पांच बार के सदस्य त्रिची एन शिवा शामिल हैं, जो लगातार छठे कार्यकाल के लिए राज्यसभा में जा रहे हैं। इसके अलावा द्रमुक के प्रोफेसर जे कॉन्स्टेंटाइन रवींद्रन, कांग्रेस के क्रिस्टोफर तिलक और दिवंगत अभिनेता-राजनीतिज्ञ विजयकांत की देसिया मुरपोक्कु द्रविड़ कड़गम (डीएमडीके) के कोषाध्यक्ष एल के सुदीश भी शामिल हैं। डीएमडीके ने पहली बार द्रमुक के साथ गठबंधन किया है और 2005 में पार्टी बनने के बाद दो दशकों में पहली बार संसद के उच्च सदन में जा रही है। इसके अलावा अन्नाद्रमुक के वरिष्ठ नेता एम थंबीदुरई और गठबंधन पार्टी के नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री अंबुमणि रामदास भी शामिल हैं, जो पट्टाली मक्कल कांची (पीएमके) के एक ग्रुप का नेतृत्व कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित