जयपुर , अगस्त 02 -- राजस्थान के दौसा में पुलिस ने करीब 33 लाख रुपये कीमत की 164.52 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक बरामद कर पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार नशे के कारोबार के खिलाफ चलाये जा रहे 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत दौसा पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की। इस दौरान संयुक्त पुलिस टीम ने स्मैक की तस्करी में लिप्त पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की है। आरोपियों के कब्जे से मादक पदार्थ की बिक्री से प्राप्त एक लाख 34 हजार रुपये भी बरामद किये गये हैं।

पुलिस टीम ने लालसोट बाईपास स्थित मस्जिद के पास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-21 दौसा पर अवैध मादक पदार्थ की तस्करी करते हुए अमर सिंह सैनी (38) निवासी बसवा, दौसा, हरिराम उर्फ डॉक्टर (35) निवासी राजगढ़ (अलवर) हाल बसवा, विक्रम (28) , सौरभ (27) निवासी टहला (अलवर) एवं आकाश उर्फ लाला (27) निवासी राजगढ़ (अलवर) को गिरफ्तार किया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 164.52 ग्राम स्मैक तथा इसकी बिक्री से प्राप्त एक लाख 34 हजार रुपये नकद बरामद हुए। तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार को भी जब्त किया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अकलेरा, झालावाड़ क्षेत्र से अवैध मादक पदार्थ लेकर आ रहे थे। पुलिस अब बरामद स्मैक के स्रोत तथा इसके आगे के आपूर्ति नेटवर्क के संबंध में आरोपियों से पूछताछ कर रही है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और मादक पदार्थ की तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए अनुसंधान जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित