बैतूल , जून 04 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में मादक पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सारणी पुलिस ने दो वर्षों से फरार 10 हजार रुपये के इनामी अफीम तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी राकेश बंजारा (37) निवासी ग्राम आमलीचक, तहसील जावद, जिला नीमच, लंबे समय से मादक पदार्थ संबंधी मामलों में फरार चल रहा था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध थाना सारणी में दर्ज अपराध क्रमांक 100/25 में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/18, 25 तथा अपराध क्रमांक 112/25 में धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
मुखबिर से सूचना मिलने पर सारणी पुलिस ने योजनाबद्ध कार्रवाई कर आरोपी को उसके क्षेत्र से गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि आरोपी मंदसौर और नीमच क्षेत्र से बैतूल आकर चोपना, रानीपुर और सारणी थाना क्षेत्रों में लोगों को कथित रूप से अफीम और गांजा की अवैध खेती के तरीके सिखाता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले की जांच जारी है और उसके संपर्कों तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, उपनिरीक्षक मनोज उईके, उपनिरीक्षक आम्रपाली डाहट, प्रधान आरक्षक शैलेन्द्र, देवेन्द्र प्रजापति तथा आरक्षक मोहित भाटी, सुनील डिंडोरे, शाहरुख खान और साइबर सेल के पंकज नरवरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक श्री जैन ने आमजन से मादक पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी संबंधी सूचना पुलिस को देने की अपील करते हुए कहा कि सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित