देहरादून , अप्रैल 04 -- भारत सरकार की हर घर में पेयजल पहुंचाने की बहुप्रचारित योजना के अन्तर्गत जल जीवन मिशन परियोजना का कार्य करने वाले उत्तराखंड के ठेकेदारों को पिछले दो वर्षों से उनके काम का भुगतान नहीं किया गया है। जिससे उनके सामने विषम स्थिति उत्पन्न हो गई है। अब इन ठेकेदारों ने आगामी छह अप्रैल से अगले 24 घंटों के लिए पेयजल आपूर्ति बंद करने की चेतावनी दी है।
देवभूमि जल शक्ति कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले ठेकेदारों ने शनिवार को राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को संबोधित एक पत्र में यह धमकी दी है। ऐसोसिएशन अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने बताया कि जल जीवन मिशन से जुड़े हुए उत्तराखंड के जितने भी ठेकेदार हैं, वह आगामी छह अप्रैल को 24 घंटे के लिए प्रदेश के विभिन्न जगहों पर जल आपूर्ति पूर्णतः बंद कर देंगे एवं देहरादून में प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि मिशन से जुड़े ठेकेदारों को उनके काम का भुगतान नहीं किया गया है। ठकेदारों ने प्रोजेक्ट के लिए जो ऋण लिया हैं, उसके ब्याज के साथ स्टाफ का भुगतान एवं मशीन का किराया इन सभी के बोझ से वे दबे हुए हैं। उन्होंने बताया कि अगर जल्द से जल्द भुगतान नहीं किया गया तो हमारे लिए भूखे मरने की नौबत आ जायेगी।
मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में लिखा गया है कि "हम समस्त ठेकेदारगण, जो जल जीवन मिशन हर घर जल योजना के अंतर्गत कार्य कर रहे हैं, पिछले कई वर्षों से निरंतर प्रशासनिक एवं विभागीय उत्पीड़न का सामना कर रहे हैं। इस संबंध में हम कई बार शासन, उच्च अधिकारियों एवं मीडिया के माध्यम से अपनी समस्याओं से अवगत करा चुके हैं, किन्तु आज तक कोई संतोषजनक कार्यवाही नहीं की गई"।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित