अलवर , अक्टूबर 18 -- राजस्थान में अलवर जिले के खेड़ली थाना क्षेत्र में दांतिया गांव में रविवार सुबह पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया जिससे एक महिला और दो बच्चों की मौत हो गई और एक महिला घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दांतिया गांव में जगदीश शर्मा की पुत्र वधुओं के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान धारदार हथियार से हमला किया गया। दोनों सगी बहनें हैं।
इस दौरान पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें लहूलुहान हालत में खेड़ली उपजिला अस्पताल लाया गया। अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में एक बच्चे ने दम तोड़ दिया। इसके बाद उपचार के दौरान एक अन्य बच्चे और एक महिला की भी मौत हो गई।
चिकित्सकों के अनुसार मृतकों की पहचान उषा (28), मुकुल (चार) और नंदी (तीन) के रूप में हुई है। घटना में घायल महिला मनीषा को बेहतर उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। पुलिस विवाद और संघर्ष में शामिल लोगों सहित पूरे मामले की जांच कर रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही खेड़ली उपजिला अस्पताल में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने तीनों शव अस्पताल के शवगृह में रखवाए हैं और मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित