अलवर , फरवरी 18 -- राजस्थान में अलवर जिले में गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सरगना सहित दो शातिर चोरों को गिरफ्तार करके उनसे सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बुधवार को बताया कि चार जनवरी को गोविंदगढ़ निवासी प्रियांशु गर्ग ने पुलिस में शिकायत की कि उसकी मोटरसाइकिल गोविंदगढ़ क्षेत्र से चोरी हो गयी। मामले की जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने जांच के बाद आज आरोपी आबिद खान (20 वर्ष) और उसके साथी आरिफ को गिरफ्तार किया। पूछताछ में इन शातिर वाहन चोरों ने अलवर के कोतवाली, गोविंदगढ़, बड़ौदा मेव, रामगढ़ सहित कई थाना इलाकों से मोटर साइकिल की चोरी की घटनाओं को अंजाम देना कुबूल किया। आरोपियों से पूछताछ के बाद विभिन्न स्थानों से सात मोटर साइकिलें बरामद की गयी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित