सोनीपत , जुलाई 31 -- हरियाणा के सोनीपत गोहाना उपमंडल के मुंडलाना गांव में दो वर्षीय बच्चे की मौत के मामले में नया मोड़ आया है। पहले जिस घटना को घर की पानी की टंकी में डूबने से हुई दुर्घटना माना जा रहा था, अब पुलिस ने बच्चे के पिता की शिकायत पर उसकी मां के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि सदर गोहाना थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता हरिओम ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी प्रिया को उस पर विवाहेतर संबंधों का संदेह था, जिसके कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। उसका आरोप है कि इसी कारण उसकी पत्नी ने उनके दो वर्षीय बेटे चिरांश को जानबूझकर पानी की टंकी में डुबोकर मार दिया।
उनतीस जुलाई को हरिओम के रोहतक जाने के दौरान बच्चे की टंकी में डूबने से मौत की सूचना मिली थी। शुरुआत में इसे हादसा माना गया, लेकिन बाद में पिता ने नयी शिकायत देकर हत्या की आशंका जतायी। पुलिस ने एफएसएल टीम से घटनास्थल की जांच करायी और पानी के नमूने, फीडिंग बोतल का निप्पल, कपड़े का टुकड़ा, हस्तलिखित नोट तथा अन्य साक्ष्य कब्जे में लिये हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच एफएसएल रिपोर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है तथा हर पहलू की गहन पड़ताल जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित