उदयपुर , मई 12 -- राजस्थान में आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय पर रोकथाम के लिए जारी विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत दो लाख 80 हजार लीटर वॉश नष्ट कर 380 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में चलाये जा रहे इस अभियान के तहत एक मई से 11 मई तक विभिन्न कार्रवाई के तहत 1044 अभियोग दर्ज किए गए हैं। राज्य में देशी मदिरा 11 लाख 14 हजार 813 रूपए लागत की 4150 लीटर, भारत निर्मित विदेशी मदिरा नौ लाख 40 हजार 994 रूपए की 943 लीटर, बीयर तीन लाख 31 हजार 519 रूपए की 1476 लीटर एवं हथकड़ शराब 7021 लीटर जब्त की गई है। इसी क्रम में वॉश दो लाख 80 हजार 533 लीटर नष्ट किया गया है।
राज्य में अभियान के दौरान बडे वाहन आठ, हल्के चार पहिया दो एवं दुपहिया वाहन 32 सहित 42 वाहन जब्त करते हुए 380 व्यक्तियों का गिरफ्तार किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित