उदयपुर , मई 09 -- राजस्थान में आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय पर रोकथाम के लिए जारी विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत दो लाख 20 हजार लीटर वाॅश नष्ट करके 282 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

विभाग की ओर से शनिवार को यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार इस अभियान के तहत एक से आठ मई तक विभिन्न कार्रवाई के तहत 859 अभियोग दर्ज किये गये हैं। राज्य में नौ लाख 72 हजार 862 रुपये लागत की 3626 लीटर देशी मदिरा, आठ लाख 69 हजार 170 रुपये की 871 लीटर भारत निर्मित विदेशी मदिरा, तीन लाख 15 हजार 431 रुपये की 1428 लीटर बीयर एवं 5473 लीटर हथकड़ शराब जब्त की गयी है। इसी क्रम में दो लाख 20 हजार 670 लीटर वाॅश नष्ट किया गया है।

प्रदेश में अभियान के दौरान आठ बडे वाहन, दो हल्के चार पहिया एवं 21 दुपहिया वाहन सहित 31 वाहन जब्त करते हुए 282 व्यक्तियों का गिरफ्तार किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित