भोपाल , मई 14 -- मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने आरोप लगाया है कि विधानसभा चुनाव के दौरान दो लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा करने वाली भाजपा सरकार ने एक लाख 20 हजार 710 पद समाप्त कर प्रदेश के युवाओं के साथ धोखा किया है।
माकपा के राज्य सचिव जसविंदर सिंह ने जारी बयान में कहा कि भाजपा की डॉ. मोहन यादव सरकार ने कार्यभारित, आकस्मिकता निधि और संविदा के पदों को समाप्त कर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन पदों पर कार्यरत कर्मचारियों को हटाने के निर्णय से उनके परिवारों की आजीविका पर भी संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार का जनविरोधी चेहरा पूरी तरह उजागर हो चुका है तथा नियमित पदों पर कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों को भी हटाने का निर्णय लिया गया है। माकपा ने समाप्त किए गए पदों को बहाल करने, इन पदों पर कार्यरत कर्मचारियों को स्थायी करने तथा रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दो लाख सरकारी नौकरियों के वादे को पूरा करने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित