चंडीगढ़ , सितंबर 23 -- हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एवं एसीबी) की भिवानी टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रदेश के परिवहन विभाग, चंडीगढ़ में तैनात सहायक किशोरी कुमार को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
आरोपी के खिलाफ बुधवार को हिसार स्थित (एसवी एवं एसीबी) थाने में धारा 308(2) बीएनएस और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ट्रांसपोर्ट का काम करता है और पानीपत में परिवहन वाहनों के फिटनेस प्रमाण-पत्र जारी करने तथा उनके नवीनीकरण से संबंधित व्यवस्था शुरू करना चाहता था। इसके लिए परिवहन आयुक्त, हरियाणा, चंडीगढ़ से आवश्यक अनुमति लेनी थी।
शिकायत के मुताबिक आरोपी किशोरी कुमार संबंधित स्थायी अनुमति अथवा प्राधिकरण दिलवाने की एवज में दो लाख रुपये रिश्वत की मांग कर रहा था। आरोपी पर शिकायतकर्ता को अनुमति नहीं मिलने का भय दिखाने का भी आरोप है।
शिकायत मिलने के बाद भिवानी उपकेंद्र की टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में ट्रैप लगाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी को शिकायतकर्ता से दो लाख रुपये लेते हुए मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित