सीतापुर , जुलाई 16 -- उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के मछरेहटा थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर खैराबाद-मछरेहटा मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की भिड़ंत में एक सहायक अध्यापक की मौत हो गई, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रतापगढ़ जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित मीरा भवन निवासी रमेश चंद्र गुप्ता (40) सीतापुर जिले के प्राथमिक विद्यालय भावपुर में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत थे। गुरुवार को विद्यालय से लौटते समय खैराबाद-मछरेहटा मार्ग पर उनकी मोटरसाइकिल की दूसरी बाइक से टक्कर हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल खैराबाद के अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

पुलिस ने दुर्घटनास्थल से दूसरी मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया है। उसका चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित