श्रीगंगानगर , अप्रैल 28 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के लालगढ़ जाटान थाना क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलों की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक महिला और एक युवक घायल हो गये।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि छिंद्रसिंह अपनी पत्नी कुलविंदर कौर के साथ मोटरसाइकिल पर गणेशगढ़ गांव से सोमवार की रात करीब साढ़े सात बजे लौट रहा था। इसी दौरान श्रीगंगानगर-सूरतगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर गणेशगढ़-मनफूलसिंहवाला संपर्क मार्ग पर विपरीत दिशा से आ रही मोटर साइकिल से वह टकरा गया।
पुलिस ने बताया कि आमने सामने की टक्कर से दम्पती और दूसरी मोटर साइकिल पर सवार युवक घायल हो गये। दम्पती को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां छिंद्रसिंह की मौत हो गई। घटना में घायल महिला और युवक को निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उसका उपचार किया जा रहा है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित