बैतूल , जून 13 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के झल्लार थाना क्षेत्र में आज शनिवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक किसान की मृत्यु हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार दुर्घटना गोरेगांव-नादरा मार्ग पर हुई। भादूगांव निवासी सुरेश पांसे (45) मोटरसाइकिल से भैंसदेही खाद लेने जा रहे थे। इसी दौरान गोरेगांव निवासी राहुल पाल (22) और कार्तिक तंडीलकर (22) दूसरी मोटरसाइकिल से नादरा की ओर जा रहे थे। रास्ते में दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि सुरेश पांसे की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं राहुल पाल और कार्तिक तंडीलकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय बैतूल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

सूचना मिलने पर झल्लार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच प्रारंभ कर दी है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना आमने-सामने की टक्कर के कारण होना सामने आया है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित