गुवाहाटी , फरवरी 10 -- असम के दो कांग्रेस विधायकों ने दो मुस्लिमों के चित्र को बंदूक से निशाना बनाने के वीडियो के मामले में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के खिलाफ मंगलवार को एक प्राथमिकी दर्ज कराई है।
दो दिन पहले ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहाद उल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी इस वीडियो के संबंध में श्री सरमा पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस पोस्ट में मुख्यमंत्री को प्रतीकात्मक रूप से टोपी पहने दो व्यक्तियों पर करीब से गोली चलाते हुए दिखाया गया था।
असम के कांग्रेस विधायक शिवमोनी बोरा और दिगंत बर्मन ने दिसपुर पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज कराई और अनुरोध किया कि दंडात्मक कानून की उपयुक्त धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
विधायकों ने प्राथमिकी में कहा, "सामग्री में शामिल टेक्स्ट में 'विदेशी मुक्त असम', 'कोई दया नहीं', 'तुम पाकिस्तान क्यों नहीं गए?', 'बांग्लादेशियों के लिए कोई माफी नहीं है' जैसे वाक्यांश शामिल हैं, जो बंगाल मूल के मुसलमानों की स्थिति को और खराब करते हैं, जिन्हें अक्सर अपमानजनक रूप से 'मिया' या 'बांग्लादेशी' कहा जाता है।"विधायकों ने कहा, "किसी विशेष समुदाय को निशाना बनाने वाली उपरोक्त सामग्री अत्यधिक उत्तेजक और सांप्रदायिक है, जिससे लोगों के बीच सामाजिक सद्भाव बिगड़ेगा।"श्री सरमा के इस वीडियो पर देश भर से तीखी प्रतिक्रियाएं आई हैं, हालांकि मुख्यमंत्री ने सोमवार को कहा कि उन्हें ऐसे किसी वीडियो के बारे में कोई जानकारी नहीं है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अगर इस मामले में उनके खिलाफ मामला दर्ज होता है तो वह जेल जाने के लिए तैयार हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की असम इकाई ने हाल ही में अपने एक्सहैंडल पर एआई-जनित वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें मुख्यमंत्री को टोपी पहने दो व्यक्तियों पर बिल्कुल करीब से गोली चलाते हुए दिखाया गया था। हालांकि, बाद में भाजपा द्वारा वीडियो हटा दिया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित