गोपालगंज , अक्टूबर 24 -- िहार में गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र में केशवपुर गांव के समीप शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हो गयी, तथा दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये।पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान शंभू शर्मा के पुत्र अनूप शर्मा (18) के रूप में की गयी है। अनूप शनिवार सुबह कोचिंग जाने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान केशवपुर गांव के समीप सामने से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक से उसकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गयी। हादसे में अनूप की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी।दूसरी बाइक पर सवार हजियापुर गांव निवासी मुस्ताक अंसारी के पुत्र फिरोज आलम और उसके साथी तौकीर आलम गंभीर रूप से घायल हो गये। दोनों बड़हरिया में अपने एक रिश्तेदार के घर जा रहे थे।

सूत्रों ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर कर दिया।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित