रायपुर , जुलाई 12 -- छत्तीसगढ़ में अभनपुर के गोबरा नवापारा नगर में दो बच्चों को डूबने से बचाने के दौरान महानदी में लापता हुए एक युवक का शव रविवार तड़के नदी किनारे से बरामद कर लिया गया।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार गोबरा नवापारा नगर के इंदिरा मार्केट निवासी प्रदीप कश्यप (35) शनिवार दोपहर अपनी पत्नी के साथ नेहरू घाट पहुंचे थे। उनकी पत्नी नदी किनारे मौजूद थीं। इसी दौरान नदी में स्नान कर रहे दो बच्चे गहरे पानी में फंसकर डूबने लगे। बच्चों को संकट में देख प्रदीप कश्यप तत्काल नदी में उतर गए और साहस का परिचय देते हुए दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया। हालांकि इस प्रयास के दौरान वह स्वयं तेज बहाव और गहरे पानी की चपेट में आकर लापता हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर गोबरा नवापारा पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम तथा स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। देर शाम तक नदी में व्यापक तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के कारण खोज अभियान स्थगित कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि आज तड़के किसी नए तलाश अभियान के शुरू होने से पहले ही प्रदीप कश्यप का शव गोबरा नवापारा क्षेत्र में नदी किनारे शनि मंदिर के पीछे बहकर आ गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित