शिवहर , अक्टूबर 15 -- िहार सरकार के कृषि विभाग की ओर से गुरुवार को संयुक्त कृषि भवन परिसर में दो दिवसीय किसान मेला-सह-प्रदर्शनी एवं बासमती (रबी) महाअभियान के तहत जिला स्तरीय कार्यशाला-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष 2026 एवं महिला किसान दिवस के अवसर पर किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से 500 से अधिक प्रगतिशील किसान और महिला किसानों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में किसानों ने अपने कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई। विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से भी स्टॉल लगाए गए, जहां किसानों को कृषि योजनाओं, आधुनिक तकनीकों और सरकारी अनुदान की जानकारी दी गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले किसानों को पुरस्कृत करने का भी प्रावधान रखा गया है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की लाभुक विनिता कुमारी तथा शिवहर नगर परिषद को प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। प्राकृतिक एवं पारंपरिक खेती को बढ़ावा देने में योगदान देने वाली उत्कृष्ट महिला किसानों को भी सम्मानित किया गया। महिला किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए तथा प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने रबी मौसम में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। कृषि विज्ञान केंद्र, शिवहर की ओर से फसल उत्पादन संबंधी तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया। कृषि अभियंत्रण विभाग ने कृषि यंत्रों पर मिलने वाले सरकारी अनुदान के बारे में बताया, जबकि पशुपालन विभाग ने अपनी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
किसान मेला-सह-प्रदर्शनी में शामिल किसानों को गोभी एवं टमाटर के पौधे भी वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ना, प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करना तथा कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी और उनकी भूमिका को मजबूत करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित