पटना , सितंबर 02 -- ाज्य सरकार के अपराध पर अंकुश लगाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के मुहिम के तहत 30 और 31 अगस्त को राज्यभर में विशेष समकालीन अभियान चलाया गया। पुलिस मुख्यालय के विधि-व्यवस्था प्रभाग के स्तर से जारी आदेश के बाद सभी जिलों में अपराधियों की गिरफ्तारी और सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इन दो दिनों में एक हजार 142 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इन अपराधियों के पास से 13 अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं। साथ ही 116 कारतूस बरामद हुए हैं। जिन एक दर्जन जिलों से जांच के दौरान हथियार की बरामदगी की गई, उनमें पटना, नालंदा, रोहतास, बेगूसराय, खगड़िया, वैशाली, मोतिहारी, सिवान, मधुबनी, सहरसा, मधेपुरा और अररिया शामिल हैं। सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक एवं वरीय पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया।
सभी जिलों में चलाए गए इस अभियान के दौरान 11 हजार लीटर से अधिक अवैध शराब बरामद किए गए, जिसमें 08 हजार 408 लीटर देशी और 02 हजार 739 लीटर विदेशी शराब शामिल हैं। इसके अलावा 359 किलो गांजा, 142 ग्राम स्मैक, 55 ग्राम ब्राउन सुगर, 326 ग्राम हेरोइन के अलावा एक लाख 49 हजार 466 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। 27 नशेड़ी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
विशेष समकालीन अभियान के दौरान दो दिनों में राज्यभर में 54 हजार 861 वाहनों की चेकिंग की गई और 05 हजार 683 वाहनों से 81 लाख 14 हजार 300 रुपये जुर्माना वूसला गया। 95 वाहन विभिन्न कांडों में जब्त किए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित