पिथौरागढ़ , जुलाई 20 -- उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग खुल जाने से यात्रा में दो दिन से आया ठहराव दूर हो गया है। सोमवार को दोनों दल सुरक्षित अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के चलते सड़कों पर असर पड़ा हैं। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में सड़कों पर मलबा आने से कई जिलों में सड़क संपर्क टूट गया है। सीमांत पिथौरागढ़ जिले में भी मलबा आने से पिछले कुछ दिनों से दर्जनों सड़कों पर असर पड़ा। पिछले दो दिन से चीन सीमा को जोड़ने वाला कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग भी पहाड़ी पर भूस्खलन होने से बंद हो गया था। वाहनों की आवाजाही दो दिनों से ठप हो गई थी। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीम लगातार संपर्क बहाल करने में जुटी रही।

धारचूला के उप जिलाधिकारी आशीष पांडे ने बताया कि आज सोमवार को दोपहर में सड़क संपर्क बहाल कर लिया गया है और फंसे हुए दोनों दल अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए हैं।

यहां बता दे की कैलाश मानसरोवर यात्रा का चौथा दल मार्ग बाधित होने से पिछले दो दिन से धारचूला में रुका हुआ था जबकि कैलाश दर्शन करके लौट रहा है पहला जत्था कल बूंदी में रोक दिया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित