नयी दिल्ली , अक्टूबर 30 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने राजधानी में दो दिन की बारिश के बाद सड़कों पर जलभराव, गड्ढों तथा घंटों तक यातायात जाम को लेकर शुक्रवार को दिल्ली सरकार पर निशाना साधा और कहा कि इससे दिल्ली के बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं की बदहाली उजागर हो गयी है।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि प्रमुख सड़कों पर जलभराव और बाधित जल निकासी के कारण लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है। टूटी सड़कों, कीचड़ और निर्माण मलबे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क मरम्मत और रखरखाव के प्रति सरकार की उदासीनता के कारण जनता को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली का पुराना जल निकासी नेटवर्क बढ़ती आबादी की जरूरतों के अनुरूप नहीं है। पीडब्ल्यूडी, एमसीडी और दिल्ली जल बोर्ड के बीच समन्वय की कमी भी समस्या बढ़ा रही है। उन्होंने आईटीओ, धौला कुआं, एम्स, करोल बाग और रिंग रोड पर जलभराव का हवाला देते हुए सरकार से व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित