भरतपुर , अक्टूबर 20 -- राजस्थान में डीग जिले के जनूथर थाना क्षेत्र में बडेसरा गांव में मंगलवार को मां प्रीति के साथ अपने नाना घनश्याम चौधरी के घर रह रहे दो जुड़वां भाइयों की हत्या कर देने का मामला सामने आया है।

पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ ने बताया कि 13 वर्षीय भाइयों विनय चौधरी और विष्णु चौधरी के शव घर के पास एक भूखंड में ज्वार-बाजरे की पुंज के पास खून से सने मिले। दोनों सुबह करीब छह बजे घर से निकले थे। उसके बाद काफी देर तक जब दोनों भाई लौटकर नहीं आये तो उनकी तलाश की गई। उनके शरीर पर जगह-जगह घाव थे। किसी धारदार हथियार से उनकी बेरहमी से हत्या की गई।

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल के साथ वह खुद मौके पर पहुंचे और श्वान दस्ते की मदद से साक्ष्य जुटाए। फिलहाल एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है।

इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित