अलवर , अक्टूबर 23 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को खैरथल-तिजारा जिले में जिला विशेष दल (डीएसटी) में तैनात दो कांस्टेबलों को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कांस्टेबल ब्रजेश और कांस्टेबल ईश्वर सिंह के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों से रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई है। यह कार्रवाई ब्यूरो मुख्यालय के निर्देश पर अलवर प्रथम चौकी के दल ने पुलिस उप अधीक्षक शब्बीर खान के नेतृत्व में की।

सूत्रों ने बताया कि परिवादी ने शिकायत की थी कि 21 अक्टूबर को डीएसटी प्रभारी गौरव और उनके दल के सदस्य ब्रजेश एवं ईश्वर सिंह सादे कपड़ों में उसके कारखाने पहुंचे थे। उन्होंने कारखाने में लगे कैमरे हटवा दिए और नकली कलाकंद बनाने का आरोप लगाते हुए खाद्य विभाग के दल को बुलाया, जिसने माल के नमूने लिए। इसके बाद कारखाने का माल नष्ट करवाने और कारखाना बंद होने से बचाने के बदले उन्होंने रिश्वत मांगी।

ब्यूरो के सूत्रों ने बताया कि उसी दिन सत्यापन कराया और आज जाल बिछाकर दोनों कांस्टेबलों ब्रजेश एवं ईश्वर सिंह को परिवादी से दो लाख रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित