अंबिकापुर , अप्रैल 12 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में रविवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। एक हादसा अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर हुआ, जबकि दूसरा लखनपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक के अनियंत्रित होने से हुआ।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार,अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर चठिरमा के पास एक चार पहिया वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

वहीं दूसरी घटना लखनपुर थाना क्षेत्र के जमगला राइस मिल के पास हुई, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गई। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित