चुरु , जनवरी 15 -- राजस्थान में चुरु जिले के सालासर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुरुवार को दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार करके उनसे तीन किलो अफीम बरामद की।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि सालासर में मध्यप्रदेश से तस्कर अफीम की आपूर्ति करने आये हैं। इस पर पुलिस दल ने तड़के दबिश देकर एक कार में करीब तीन किलो अफीम बरामद की। कार में सवार मुकेश वर्मा (28) और कुलदीप सिंह राजपूत (30) को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों मध्यप्रदेश के मंदसौर के निवासी हैं।
उन्होंने बताया कि चुरु जिले के ही राजगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब की 40 पेटियां बरामद की जिनमें कुल 552 बोतलें थीं। इनमें आर्मी कैंटीन की ओल्ड मोंक रम भी शामिल है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित (25), निवासी लुटाना सदासुख, तहसील राजगढ़, जिला चूरू के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित