मोहाली , सितंबर 28 -- पंजाब के मुल्लांपुर थाना क्षेत्र में सरपंच को गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने जसबीर सिंह जस्सू और देविंदर सिंह भूड़ा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को शुक्रवार को मुल्लांपुर स्थित एमएलए फ्लैट्स के पीछे जंगल क्षेत्र से पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या के लिए हथियार विदेश में बैठे कैटेगरी-ए गैंगस्टर से उपलब्ध कराया गया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार किसके निर्देश पर और किस उद्देश्य से दिया गया था। जांच में सोशल मीडिया के जरिए टारगेट किए जाने की बात भी सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड है। घटना से जुड़े पक्षों के बीच पहले भी विवाद चल रहा था और पंचायत तथा पुलिस स्तर पर दो-तीन बार समझौते कराए गए थे। इसके बावजूद विवाद दोबारा बढ़ा और आरोपियों ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित