उज्जैन , अगस्त 28 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन में गत दिनों हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में चिमनगंज मंडी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच मुख्य आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। पुलिस आरोपियों से घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र में 26 अगस्त की रात कानीपुरा-तराना रोड स्थित एक ढाबे पर आपसी विवाद के बाद चाकूबाजी की घटना हुई थी। इसमें राहुल दरबार और ढाबा संचालक टम्मू उर्फ जितेन्द्र पंवार की मौत हो गई थी, जबकि बीच-बचाव करने आए कुछ अन्य लोग घायल हुए थे।
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अर्पित अटल, शक्ति सिंह, राघव बैरागी, संजय परमार और अनिल कछवाह को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। पुलिस इनसे घटना के कारणों और वारदात में उनकी भूमिका के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है और उनकी तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित