सिरसा,29नवंबर(वार्ता) हरियाणा में सिरसा के समीपस्थ गांव सिकंदरपुर थैहड़ में वीरवार रात्रि को विवाहिता एवं उसके कथित प्रेमी लेखू की हुई हत्या के मामले में पुलिस ने एक दंपति को गिरफ्तार किया है।

आरोप है कि मृतका के बेटे राजकुमार ने चुन्नी से गला दबाकर दोनों को मौत के घाट उतार दिया था। राजकुमार स्वयं ही दोनों शवों को पिकअप में लेकर सदर थाने पहुंचा था। मामले की प्राथमिक तहकीकात के बाद मृतका अंगूरी के बेटे राजकुमार एवं उसकी पुत्रवधू सुनीता को सिरसा सदर थाना पुलिस ने हिरासत में लिया है। दोनों आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है, रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से हत्या में प्रयुक्त सामान बरामद किया जाएगा।

पुलिस उपाधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि जयराम निवासी सिकंदरपुर थैहड़ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बेटा लेखराज उर्फ लेखू वीरवार शाम के समय पड़ोस के घर में गया था और रात को वापस घर लौटकर नहीं आया। सुबह साढ़े सात बजे के करीब देखा तो उसके पड़ोसी युवक राजकुमार एवं उसकी पत्नी मेरे बेटे लेखराज एवं एक महिला के शव को पिकअप गाड़ी में डाल कर मौका से फरार हो गए।

जयराम की शिकायत के आधार पर शुक्रवार को थाना सदर सिरसा में हत्या की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। सदर थाना पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया था। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान सिकंदरपुर थेहड़ निवासी 50 वर्षीय अंगूरी देवी और 52 वर्षीय लेखराज उर्फ लेखू के रूप में हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित